भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

कामना / अपर्णा अनेकवर्णा

Kavita Kosh से
अनिल जनविजय (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 11:31, 8 जून 2016 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=अपर्णा अनेकवर्णा |अनुवादक= |संग्र...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

हवाओं से झगड़ती.. रूठती..
रोती गिड़गिड़ाती..
अनन्त में खोए घरों..
अपनों.. का पता पूछती..
स्टेशनों चौराहों पर अक्सर
अस्त-व्यस्त-सी भटकती-डोलती
बावरियों को देखा है??

लगभग हर महानगर के
आमो-ख़ास रास्तों.. नुक्कड़ पर..
बुझ गई आग के आस-पास
देखा है न सिकुड़े बच्चों को..
राख में ख़ाक हुए मुस्तकबिल को
हारी हुई उँगलियों से खंगालते रहते हैं

मैं भी..
अपनी हथेलियों को यूँ ही देखा करती हूँ
कब से.. लाख उलट-पुलट चुकी..
नेह की रेख मिलती ही नहीं
कच्ची माटी की थी जब.. तूने
तब खींची ही नहीं थी क्या..
मेरे रब जी??

कहाँ से लाऊँ.. पा जाऊँ..
चलूँ.. किसी टूटते सितारे से
माँग लूँ एक टूटा टुकड़ा उसका..
काँच की किरचों से..
उसके नुकीले पैनेपन से
खुरच-खुरच बना लूँ वो रेख..
जिसे दुनिया
'प्रेम की लकीर' कहती है