भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

हाल / मनोज जैन 'मधुर'

Kavita Kosh से
Sharda suman (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 16:41, 15 अक्टूबर 2017 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=मनोज जैन 'मधुर' |अनुवादक= |संग्रह= }} {...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

पूछ कर तुम क्या करोगे
मित्र मेरा हाल।

उम्र आधी मुश्किलों के
बीच हँस काटी।
पेट की खातिर उतरते
दर्द की घाटी।
पीर तन से खींच लेती
रोज़ थोड़ी खाल।

कब हमें मिलती यहां
कीमत पसीने की।
हो गई आदत चुभन के
साथ जीने की।
इस उमर में पक गये हैं
खोपड़ी के बाल।

दर्द को हम ओढ़ते
सोते बिछाते हैं।
रोज सपने दूर तक
हम छोड़ आते हैं।
जी रहे अब तक बनाकर
धैर्य को हम ढाल।

आग खाते हम जहर के
घूँट पीते हैं।
रोज मरते हैं यहां हम
रोज़ जीते हैं।
बुन रही मकड़ी समय की
वेदना का जाल।