भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

दुखती हुई कविता / प्रतिभा किरण

Kavita Kosh से
सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 23:50, 20 जून 2021 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=प्रतिभा किरण |अनुवादक= |संग्रह= }} {{KK...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

पाँव के अँगूठे में
नाखून के किनारे धँसे मैल
इनमें क्या ही था?

कुछ आटे का परथन
कुछ नमी से फूली मिट्टी
और क्या
तो फिर इतनी पीड़ा क्यों?

मेरे होंठ के ऊपरी हिस्से पर
आज फूल आयी
हफ्ते भर की चिन्ता

कुछ लिख लिया होता
तो आज ये भी एक कविता होती
पिचकी हुई

न लिखी हुई कवितायें
हमारे शरीर पर आ धमकती हैं
एक जोड़ी कपड़े में
और दुखती हैं
रह रह कर

एक टुकड़ा फिटकरी का
डुबोती हूँ कटोरी भर झूठ में
रख लेती हूँ
फूली चिन्ताओं पर

गर्म करती हूँ
एक भगोना छल
और डालती हूँ पाँव
चुपके से

देखती हूँ
तिरछा
बहते हुए
आटे का परथन
फूली हुई मिट्टी
नाखून दुखाती हुई कविता