भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

सो नहीं पाया मुंगेरी / अवनीश त्रिपाठी

Kavita Kosh से
Rahul Shivay (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 00:24, 7 मई 2018 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=अवनीश त्रिपाठी |अनुवादक= |संग्रह= }...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

छल रहे कुछ
स्वप्न जिसको
नींद की चादर तले,
सो नहीं
पाया मुंगेरी
जागता ही रह गया।।

तोड़ सीमाएँ
विनय की
खूँटियों पर द्वंद्व लटके,
पालकर विग्रह
नियम के
नेह ने फिर पैर पटके,

कामनाओं की
नुकीली
सूईयों से अर्थ लेकर,
देह के
पैबन्द चुपके
टाँकता ही रह गया।।

घोर आलोचक
समय का
सुर्ख़ियों में आजकल है
युग मशीनों का
हुआ जब
भूख की बातें विफल हैं,

यन्त्रणाएँ
आँत का ही
आकलन करती रही फिर,
रातभर
विषपान का दुख
टीसता ही रह गया।।