Last modified on 26 जून 2013, at 15:34

और छायाएँ / महेश वर्मा

Sharda suman (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 15:34, 26 जून 2013 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=महेश वर्मा }} {{KKCatKavita}} <poem> ऊपर यहाँ इस ...' के साथ नया पन्ना बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

ऊपर यहाँ इस पहाड़ी मोड़ से-
दिखाई देता है एक पोखर।
आज इसके किनारे बैठी है एक स्त्री
धोती हुई अपने कपड़े और अपनी देह।
मेरे भीतर है यह पोखर जिसके शांत जल में
झाँकती वृक्षों की छायाएँ और आकाश,
किनारे बैठी औरत धोती रहती है अपने शोक।
मैं हूँ वह पोखर जो दिखता ऊपर से
मैं ही हूँ वह औरत जो देखती है -
जल में हिलती छाया।

मैं ही वह शोक जो धोया जा रहा इस जल में।
यहीं से ऊपर की ओर
देखता हूँ ऊपर से
जहाँ से दिखाई देता एक पोखर,
एक स्त्री और छायाएँ।