Last modified on 4 जनवरी 2014, at 12:33

दिन / गुलाब सिंह

Dkspoet (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 12:33, 4 जनवरी 2014 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=गुलाब सिंह |संग्रह= }} {{KKCatNavgeet}} <poem> फूल...' के साथ नया पन्ना बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

फूलों भरी हरी धरती से
झुककर कुछ कहते हैं दिन

कच्चा रेशम धूप हो गई
नदी दूध की धोई
रात चाँदनी झोपड़ियों के
गले लिपटकर रोई
पगडंडी के सूनेपन को
सुबह शाम सहते हैं दिन

सरसों के पीले पृष्ठों पर
हवा गीत गोविंद लिखे
रहकर मौन दर्द दोहराते
शीश झुकाएँ गाँव दिखे
बजते हैं बाँसुरी सरीखे
आँसू से बहते हैं दिन

सूखे अधर प्यास पथराई
नयन उरेहें सपने
पानी पत्थर बीच प्यार के
अँखुए लगे पनपने
शाकुन्तल सतसईं खोलकर
मोरपंख रखते हैं दिन