Last modified on 1 फ़रवरी 2017, at 22:36

सावनी गीत / श्वेता राय

Sharda suman (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 22:36, 1 फ़रवरी 2017 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=श्वेता राय |अनुवादक= |संग्रह= }} {{KKCatGee...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

नभ ने अपने अमृत घट से, प्रेम अमिय छलकाया।
रिमझिम लड़ियाँ रूप धरे प्रिय, देखो सावन आया॥
खिली खिली है हरित वसन को, पहने तरुणी लतिका।
धुली धुली लगती है सारी, तरु आच्छादित पतिका॥
कोयल छेड़े राग पंचमी, मन भौरा भरमाया।
रिमझिम लड़ियाँ...
फूलों से ले गंध प्रीत की, बहती है पुरवाई।
अंतस में मेरे बजती है, मधुर मिलन शहनाई॥
अलसाये नयनों में तेरे, सपनोँ ने घर पाया।
रिमझिम लड़ियाँ...
हरे हो रहे बाग़ लता वन, नदी बनी नखरीली।
दादुर झींगुर पिक की बोली, छेड़े तान सुरीली॥
हर्ष प्रीत का मधुमयी आँचल, धरती पर लहराया।
रिमझिम लड़ियाँ...