Last modified on 1 फ़रवरी 2017, at 23:10

रेशमी अहसास / श्वेता राय

Sharda suman (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 23:10, 1 फ़रवरी 2017 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=श्वेता राय |अनुवादक= |संग्रह= }} {{KKCatGee...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

याद रखना तुम प्रिये इस, रेशमी अहसास को।
अंग में खिलते हुये इस, प्रेम के मधुमास को॥

मेदिनी भी खिलखिलाती, मद हवाओं से पिये।
चाँदनी भी है जलाती, ताप सूरज का लिये॥
पवन चूनर में सरसती, ले प्रिये आभास को।
अंग में खिलते हुये इस, प्रेम के मधुमास को॥

तन हुआ है दीप्ति कंचन, उर छिड़ा इक राग है।
आभ हीरक मन समाया, हिय बसा अनुराग है॥
फूल सब बहका रहे हैं, अधर पंकज हास को।
अंग में खिलते हुये इस, प्रेम के मधुमास को॥

दिन पखेरू बन गये हैं, स्वप्न सी हर रात है।
शब्द सारे खो रहे हैं, नयन से अब बात है॥
हो मुदित मन झूमता है, सुन सखी परिहास को।
अंग में खिलते हुये इस, प्रेम के मधुमास को॥

याद रखना तुम प्रिये इस, रेशमी अहसास को
अंग में खिलते हुये इस...