Last modified on 30 अक्टूबर 2017, at 11:23

रँग गुलाल के / कुमार रवींद्र

Sharda suman (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 11:23, 30 अक्टूबर 2017 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=कुमार रवींद्र |अनुवादक= |संग्रह=आ...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

रँग गुलाल के
गाल तुम्हारे
और उँगलियाँ इन्द्रधनुष हो गईं हमारी
 
फागुन-आये
बरस-दर-बरस यह ही होता
उमग-उमग पड़ता सीने में
रँग का सोता

और वहीं से
फूट निकलती
अनबूझे गीतों की, सजनी, नदी कुँवारी

दरस-परस की
यह अनहोनी घटना ही तो
याद हमें आती रह-रहकर
हर दिन, मीतो
 
एक देवता
बिना देह का
भर देता है खुशबू से हर छुवन तुम्हारी
 
फाग और रसिया की तानें
बजतीं भीतर
देह हमारी हो जाती
रंगों का निर्झर
 
उभ-चूभ उसमें
हम होते
मीठी लगतीं वे साँसें भी जो हैं खारी