Last modified on 13 मई 2018, at 23:41

ये हैं नखलिस्तानी / नईम

Sharda suman (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 23:41, 13 मई 2018 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=नईम |अनुवादक= |संग्रह=पहला दिन मेर...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

ये हैं नखलिस्तानी तो वो रेगिस्तानी,
खालिस मिला न मुझको कोई हिंदुस्तानी।

यह बयान मेरा सीधा सच्चा सपाट है,
अपने से अपना ही ये मनुवाँ उचाट है।

क्यों उद्विग्न फकीरे भीखम औ खुशवंता?
चुप्पी साध गई है क्यों मित्रो मरजानी?

मुल्क़ नहीं शायद कुछ मुल्क़ों का समूह है,
यह अतृप्त वासनाओं का महज ढूह है;

काल अनंत, धरा विपुला का धैर्य असीमित-
क्षेपक छोड़ें तब भी लम्बी रामकहानी।

निष्ठाएँ बीमार, आस्थाएँ अंधी हैं,
अपने अर्जित स्वर्ग-नर्क में सब बंदी हैं;

देशभक्ति की परिभाषाएँ अपने हित में-
भ्रष्ट बुद्धिजीवी करते बैठे मनमानी।

ये हैं नखलिस्तानी, तो वो रेगिस्तानी,
खालिस मिला न मुझको कोई हिंदुस्तानी।