Last modified on 13 अप्रैल 2011, at 06:44

आदमख़ोर रेगिस्तानी शाम / शलभ श्रीराम सिंह

Himanshu (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 06:44, 13 अप्रैल 2011 का अवतरण (नया पृष्ठ: {{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=शलभ श्रीराम सिंह |संग्रह=कल सुबह होने के पहले / श…)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

कुहरा ही कुहरा !
अंधकार ही अंधकार !
घुटती हुई नदियाँ - सुलगती पहाड़ियाँ !
और मुझे निगल जाने को प्रस्तुत
एक आदमखोर रेगिस्तानी शाम !
इतने सारे लोगों के थूके एकान्त पर बैठ कर
मुँह में एक पूरी धुँधुआती चिता लिए
मेरे चेहरे पर अंधेरा फेंक कर
समूचे अस्तित्व को दबोच लेती है !
और जोर-जोर से दाँत पीसती है !
चौकन्नी है महज़ इस ख़्याल से कि
शायद न उड़ा सकी हों आँधियाँ
गए हुए कबीलों के सारे-सारे पदचिन्ह !
शायद हवा में कहीं जीवित हो
पीछे छुट गए लोगों की गुहारें !
शायद इधर से गुजर जाये
दूर नखलिस्तान में गूँजती बाँसुरी की आवाज़ !
इसीलिए
मेरे समूचे अस्तित्व को दबोच कर
सिर्फ दाँत पीसती है....पीसती रहती है !
यह आदमखोर रेगिस्तानी शाम !
(1964)