Last modified on 21 सितम्बर 2012, at 16:17

आंगन का बिरवा / हरिवंशराय बच्चन

Sharda suman (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 16:17, 21 सितम्बर 2012 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=हरिवंशराय बच्चन |संग्रह=त्रिभंग...' के साथ नया पन्ना बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

(लोक धुन पर आधारित)


आंगन के,
आंगन के बिरवा मीत रे,
          आंगन के!

रोप गये साजन,
सजीव हुआ आँगन;
जीवन के बिरवा मीत रे!
आंगन के,
आंगन के बिरवा मीत रे,
          आंगन के!

पी की निशानी
को देते पानी
नयनों के घट गए रीत रे!
आंगन के,
आंगन के बिरवा मीत रे,
          आंगन के!

फिर-फिर सावन
बिन मनभावन;
सारी उमर गई बीत रे!
आंगन के,
आंगन के बिरवा मीत रे,
          आंगन के!

तू अब सूखा,
सब दिन रूखा,
दुखा गले का गीत रे!
आंगन के,
आंगन के बिरवा मीत रे,
          आंगन के!

अंतिम शय्या
हो तेरी छैंयाँ,
दैया निभा दे प्रीत रे!
आंगन के,
आंगन के बिरवा मीत रे,
          आंगन के!