Last modified on 23 अक्टूबर 2013, at 21:29

खबरें गाँव से / कुमार रवींद्र

Sharda suman (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 21:29, 23 अक्टूबर 2013 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=कुमार रवींद्र |अनुवादक= |संग्रह=र...' के साथ नया पन्ना बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

अब तो आतीं
सिर्फ मौत की खबरें
अपने गाँव से
 
पिछले साल मरे थे भइया
अबके बहनोई
जुम्मन चाचा नहीं रहे
उनकी बेवा रोई
 
फूल सिराकर
दिदिया के हम
उतर रहे हैं नाव से
 
भरा-पुरा था गाँव हमारा
अब लगता खाली
शोक मनाती है लड़के का
हर दिन चैताली
 
शोर नहीं आता है
बच्चों का
अंबुआ की छाँव से
 
परदेसी हम
पहुँच न पाये आग कभी देने
रजधानी से आते सब
घर का हिस्सा लेने
 
नदी आज भी
गाँव सींचती -
निकसी प्रभु के पाँव से