Last modified on 23 अक्टूबर 2013, at 22:24

यह आदिम डमरू का सुर / कुमार रवींद्र

Sharda suman (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 22:24, 23 अक्टूबर 2013 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=कुमार रवींद्र |अनुवादक= |संग्रह=र...' के साथ नया पन्ना बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

हाँ, यह धुन है
उसी राग की
जो बजता हर ऋतु-हर पल में
 
यह आदिम डमरू का सुर है
जिसे रचा था
शिवशंकर ने
इसी नाम को है दोहराया
सुबह-शाम हर पूजाघर ने
 
गूँज रही है
वही तान
बहते झरनों-नदियों के जल में
 
कभी बाँसुरी
कभी शंख-ध्वनि
हो जाता यह राग सनातन
बरखा की फुहार में, भन्ते !
इन्हीं सुरों में गाता सावन
 
रात-रात भर
तूफानों में
यही राग बजता जंगल में
 
पता नहीं
कितने जन्मों से
हमने इसको सुना गूँजते
और चिता के अग्नि-ज्वाल में
हमने देखा इसे काँपते
 
यही राग
हिमगिरि पर बजता
यही बजा सागर के तल में