भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

यह धरती का राग नया / कुमार रवींद्र

Kavita Kosh से
Sharda suman (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 22:27, 23 अक्टूबर 2013 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=कुमार रवींद्र |अनुवादक= |संग्रह=र...' के साथ नया पन्ना बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

पत्ते झरते
झरझर-झरझर
और हवाएँ तूफानी हैं
यह धरती का राग नया है
 
वासंती कोंपल का मौसम
हुआ पुराना
माना, मोहक था
भीगी बरखा का गाना
 
आई है ऋतु
ठूंठ-हुई शाखाओं की यह
चंपा का तो पत्ता-पत्ता उतर गया है
 
सुबह कुहासे
दुपहर तक आते बादल हैं
धूल उड़ाते वैरागी-से
दिन पागल हैं
 
पीपल से है
गिरा घोंसला पत्तों के सँग
चीख-चीख कर मंडराती फिर रही बया है