Last modified on 16 जून 2014, at 16:00

जो होली सो होली / महावीर प्रसाद ‘मधुप’

Sharda suman (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 16:00, 16 जून 2014 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=महावीर प्रसाद 'मधुप' |अनुवादक= |संग...' के साथ नया पन्ना बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

1.
तीखी कड़बी बातें
घात और प्रतिघातें
घोर अँधेरी रातें
ज़हर भरी सौगातें
मारो सबको गोली।
जो होली सो होली॥

2.
भेदभाव की खाई
कपट, चाल-चतुराई
बैर, कलह की काई
झगड़ा और लड़ाई
फूँको सबकी होली।
जो होली सो होली॥

3.
शूल नुकीले छाँटो
सुमन स्नेह के बाँटो
पतन-गर्त सब पाटो
जड़ता की जड़ काटो
बोलो मीठी बोली।
जो होली सो होली॥

4.
मन का मैल मिटाओ
सब को गले लगाओ
रूठे मीत मनाओ
गीत मिलन के गाओ
बन कर दामन-चोली।
जो होली सो होली॥

5.
मौसम है अलबेला
प्रेम-प्यार की बेला
हुड़दंगों का मेला
झंझट हो न झमेला
जी भर करो ठिठोली।
जो होली सो होली॥