Last modified on 28 सितम्बर 2014, at 18:45

चाँदो रे... ! / अनुज लुगुन

Sharda suman (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 18:45, 28 सितम्बर 2014 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=अनुज लुगुन |अनुवादक= |संग्रह= }} {{KKCatKav...' के साथ नया पन्ना बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

ओ मिरू!
सुनो...! रुको...
और फैल जाओ
यहाँ हमारे आँगन में
इस अलाव के पास,

बुआ साखू के पत्तों पर लपेट कर
मडुवा रोटी सिझा रही है
दादू और दादी
एक ही दोना में हँड़िया साझा कर रहे हैं
उनकी नोंक-झोंक से
झर रहे हैं गीत,

ओ चाँद..., चान्दो मुनी!
हम भी साझा करेंगे
मडुवा, हँड़िया, गीत और अलाव
तुम तो जानती ही हो
यहाँ कोई डर नहीं
यहाँ कोई छल नहीं
आओ
इस शरद पूर्णिमा में
ईंद मेला के पवित्र अवसर पर
कोई गीत नया
अपनी गठरी में बाँध लो...

 
ईंद मेला : मुंडाओं का ऐतिहासिक मेला