भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

वाणी-वन्दन / विमल राजस्थानी

Kavita Kosh से
Lalit Kumar (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 11:29, 19 फ़रवरी 2016 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=विमल राजस्थानी |अनुवादक= |संग्रह=...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

भारती! जय भारती!!
कोटि-कोटि कल्पनाएँ
कोटि-कोटि भावनाएँ
रूप-श्री सँवारतीं
भारती! जय भारती!!

सहज, स्निग्ध सुरभि-स्नात
वासन्ती कनक गात
फैला हिम-हेम-चीर
रूप-रंग वारती
भारती! जय भारती!!

पाकर तब स्नेह-दान
बनता मानव महान
अन्तर छवि निखर-निखर
अग-जग में गयी बिखर
सुन्दर, शिव, सत्य, विमल-
कमल दल उघारती
भारती! जय भारती!!

जीवन-अम्बुधि विशाल
तिरते स्वप्निल प्रवाल
सस्मित हो महाकाल
चरणों पर शीश डाल
सरबस लुटाता ज्यौं-
मनसिज पर मालती
भारती! जय भारती!!

कवि के शत नमन गहो
वाणी में बसी रहो
जीवन की धरती पर-
सुरसरि-सी सदा बहो
अन्तर की शिरा-शिरा
वन्दना उचारती,
भारती! जय भारती!!

-वसंत-पंचमी
28.2.1955