Last modified on 7 अप्रैल 2016, at 17:54

यह जीवन बहुरूपिया / त्रिलोक सिंह ठकुरेला

Lalit Kumar (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 17:54, 7 अप्रैल 2016 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=त्रिलोक सिंह ठकुरेला |अनुवादक= |स...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

रात-दिवस, पूनम-अमा, सुख-दुःख, छाया-धूप।
यह जीवन बहुरूपिया, बदले कितने रूप॥

समय बदलता देख कर, कोयल है चुपचाप।
पतझड़ में बेकार है, कुहू- कुहू का जाप॥

हंसों को कहने लगे, आँख दिखाकर काग।
अब बहुमत का दौर है, छोड़ो सच के राग॥

अपमानित है आदमी, गोदी में है श्वान।
मानवता को दे रहे, हम कैसी पहचान॥

मोती कितना कीमती, दो कौड़ी की सीप।
पथ की माटी ने दिये, जगमग करते दीप॥

लेने देने का रहा, इस जग में व्यवहार।
कुछ देकर कुछ मिल सका, इतना ही है सार॥

इस दुनिया में हर तरफ, बरस रहा आनंद।
वह कैसे भीगे, सखे! जो ताले में बंद॥