Last modified on 30 अक्टूबर 2017, at 11:28

ज्वार नेह का / कुमार रवींद्र

Sharda suman (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 11:28, 30 अक्टूबर 2017 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=कुमार रवींद्र |अनुवादक= |संग्रह=आ...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

सबके भीतर ज्वार नेह का
                   अपने भीतर भी
 
पूनो का है चाँद
सिंधु में उजियारे बोता
सागर उमड़-उमड़कर
धरती का आँचल धोता
 
महासिंधु हो जाता है
                 ऐसे में पोखर भी
 
धूप धरी है जो पत्ते पर
वह भी सुख देती
चिड़िया बड़े छोह से
अपने बच्चों को सेती
 
नदी सुहागिल होती है
                  पतियाता है घर भी
 
पढ़ती है जब रितु
कनखी की कोमल कविताएँ
मन में भी हैं तभी उमगतीं
मीठी इच्छाएँ
 
नेह उमड़ता है तब वन में
                   गाते पत्थर भी