भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

ताज़िरात की धाराओं में / नईम

Kavita Kosh से
Sharda suman (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 15:17, 14 मई 2018 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=नईम |अनुवादक= |संग्रह=पहला दिन मेर...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

ताज़िरात की धाराओं में
भूख-प्यास को बाँध रहे हैं,

नागर हों या ग्राम्य सभी को
मुज़रिम जैसा राँध रहे हैं।

आदमक़द लोगों के आगे
लगती है ये बौनी पिद्दी-
न्यायालय का परिसर हो
या जेल-कचहरी की चौहद्दी।

अहलकार, मुंसिफ, वकील
सब अपना मतलब साध रहे हैं।

शील आचरण की हहराकर
आज अचानक गिरी इमारत,
बेवा-सी मुँह लिए खड़ी है-
धूरे पर असहाय शराफ़त।

जीवन की लक्ष्मण रेखाएँ
जानबूझकर लाँघ रहे हैं।

मसले-दर-मसले लटके हैं,
महज पेशियों पर बरसों से,
चलकर आज पहाड़ हुए वो
फल जो थे राई-सरसों-से।

वर्तमान को मार-काटकर
हम फ्रे़मों में टाँग रहे हैं।
ताज़िरात की धाराओं में।
भूख-प्यास को बाँध रहे हैं।