Last modified on 23 मई 2018, at 12:33

यश गान उछालें / यतींद्रनाथ राही

Sharda suman (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 12:33, 23 मई 2018 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=यतींद्रनाथ राही |अनुवादक= |संग्रह...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

मन करता है
कुछ बतियाएँ
कुछ हँस लें
कुछ गा लें

अपनी ही छाया के भ्रम में
तपन जगत की भूले
झूल रहे हैं निराधार हम
किन सपनों के झूले
सूखी नदी
तरसती मछरी
लिखी रेत पर लहरें
मेघ राज के अश्वमेध के
ध्वज अम्बर में फहरें
बिजुरी गयी बिखेर बताशे
अँजुरी भरें उठा लें।
राजा नंगा है
कहते हो
तो मत अब यह कहना
आँख मूँद कर
कान बन्द कर
तुमको बस चुप रहना
दृश्यमान यह जग
माया है
उलझ गये तो डूबे
कहीं धरे रह जायं न सारे
वे ऊँचे मंसूबे
बहती नदी
हाथ ही धोलें
धँसकर डूब नहालें।

केश खोलकर खड़ी सभा में
एक नहीं, सौ-सौ पांचाली
धर्मराज के दुर्योधन के
सब तूणीर हो चुके खाली
कुरुक्षेत्र का अन्त सुनिश्चित
कल इतिहास लिखेगा
परिवर्तन की महागन्ध का
सुरभित सुमन खिलेगा
महाकल्प है
गर्वित हो लें
कुछ यशगान उछालें
24.8.2017