Last modified on 25 मई 2018, at 10:27

बूँद बूँद पीड़ा छहरी है / कमलकांत सक्सेना

Sharda suman (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 10:27, 25 मई 2018 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=कमलकांत सक्सेना |अनुवादक= |संग्रह...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

मेरे अल्हड़ जज्बातों को,
मत छेड़ो, मत छेड़ो,
वरना, एक लहर आयेगी,
एक लहर जायेगी।

मैंने कितनी बार कहा है, जाने कितना दर्द सहा है।
मौन तुम्हारे नयन रहे हैं, कोई कभी न अश्रु बहा है॥
मेरे प्यासे अरमानों को,
मत छेड़ों, मत छेड़ो,
वरना, एक लहर आयेगी,
एक लहर जायेगी॥

मेरी प्यास बहुत गहरी है, अधरों तक आकर ठहरी है।
मुस्कानों के घन गहराये, बूंद-बूंद पीड़ा छहरी है॥
मेरे व्याकुल मन सपनों को,
मत छेड़ो, मत छेड़ो,
वरना, एक लहर आयेगी,
एक लहर जायेगी।

प्यार यही होता है बोलो, रूप जला जाता है बोलो।
बिखरे हुए कुन्तलों बोलो, दूर खड़े हमराही बोलो॥
मेरे गीतज मनुहारों को,
मत छेड़ो, मत छेड़ो,
वरना, एक लहर आयेगी,
एक लहर जायेगी।