Last modified on 30 सितम्बर 2018, at 14:00

खेतों पर छाई हरियाली / अनु जसरोटिया

Abhishek Amber (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 14:00, 30 सितम्बर 2018 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=अनु जसरोटिया |अनुवादक= |संग्रह=ख़...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

खेतों पर छाई हरियाली
मौसम ने पहनी हरियाली

आंखों में ठण्डक सी उतरी
देख के जंगल की हरियाली

बच्चों की किलकारी सुन कर
जीवन में फैली हरियाली

वो आया बरसात का मौसम
पेड़ों पर उतरी हरियाली

ओढ़ी धरा ने धानी चुनरिया
हर जानिब फैली हरियाली

सूखी शाख़ें सोच रही हैं
हम पर भी आती हरियाली

गीत सदा ख़ुशियों के गाना
खेतों को कहती हरियाली

सिमटा जब से घर का आंगन
गमलों में पहुंची हरियाली

काश किसानों पर भी आती
धन दौलत रूपी हरियाली

देखें किस के घर जाती है
बन के दुल्हन निकली हरियाली

मन के इस सूने आंगन में
दो पल ही ठहरी हरियाली