Last modified on 22 मार्च 2011, at 11:33

ठंड के अहसास वाले पल / योगेन्द्र दत्त शर्मा

अनिल जनविजय (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 11:33, 22 मार्च 2011 का अवतरण ("ठंड के अहसास वाले पल / योगेन्द्र दत्त शर्मा" सुरक्षित कर दिया ([edit=sysop] (indefinite) [move=sysop] (indefinite)))

        आग थे जो
        अब ठिठुरता जल हुए,
        ठंड के अहसास वाले
        पल हुए !

बर्फ़ में ढलने लगे
ज्वालामुखी
रोशनी की हर जलन
लगती चुकी

        धुएँ गीली आँख का
        काजल हुए !

धूप की गर्मी
हुई है चाँदनी
लू हिमानी शीत का
कुहरा बनी

        सूर्यदेही
        अब सजल बादल हुए !

बींधती है देह
हिमदंती हवा
धमनियों में
एक सन्नाटा थमा

        गूँजते वन
        मौन के जंगल हुए !
        ठंड के अहसास वाले
        पल हुए !