Last modified on 20 अगस्त 2014, at 22:58

रात का गीत / रमेश रंजक

अनिल जनविजय (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 22:58, 20 अगस्त 2014 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=रमेश रंजक |अनुवादक= |संग्रह= रमेश र...' के साथ नया पन्ना बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

घिरने लगे नींद के बादल
दुखने लगा आँख का काजल
                 शाम सो गई है ।
अब तो रात हो गई है ।।

रंग-बिरंगी परदों वाली
जिसमें बैठी थी उजियाली
दीख रही अब ऐसी काली
खिड़की नहीं रही जैसे --
             दवात हो गई है ।
अब तो रात हो गई है ।।

कपड़े आँगन में चमकीले
दिन भर सूखे नीले-पीले
फिर से होने लगे पनीले
घर-बाहर जैसे हल्की --
            बरसात हो गई है ।
अब तो रात हो गई है ।।

जगह-जगह पर बल्ब निराले
जले रोशनी के रखवाले
तम से लड़ते हिम्मत वाले
वीरों की उजली सेना --
             तैनात हो गई है ।
अब तो रात हो गई है ।।