Last modified on 23 अक्टूबर 2013, at 21:22

हाँ, यह सच है / कुमार रवींद्र

Sharda suman (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 21:22, 23 अक्टूबर 2013 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=कुमार रवींद्र |अनुवादक= |संग्रह=र...' के साथ नया पन्ना बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

हाँ, यह सच है
बच्चे जादूगर होते हैं
 
बच्चे हँसते
और बिखरते
चारों ओर हवा में अचरज
सँग उनके
फिरती है तितली
देख उन्हें बौराता सूरज
 
बचपन के खुद
रंग-बिरंगे पर होते हैं
 
अगरु-गंध सी
उनकी साँसें
और आरती-सा उनका मन
उनके होने से
हो जाता
घर का कोना-कोना पावन
 
बच्चों के दिल
सच में, पूजाघर होते हैं
 
खेल-खेल में रचते बच्चे
नेह-पर्व
खुशबू के मौसम
उनके संग
खेलते हम भी
पर जल्दी ही होते बेदम
 
उम्र ढले पर
हम ऋतु के खण्डहर होते हैं