भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

अपने दुखड़े - 1 / अयोध्या सिंह उपाध्याय ‘हरिऔध’

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

बात अपनी किसे बताएँगे।
हाल घर का किसे सुनाएँगे।1।

जो सके सुन न आप दुख मेरा।
क्यों कलेजा निकाल पाएँगे।2।

जब कि हम आँख देख लेवेंगे।
लोग आँखें न क्यों दिखाएँगे।3।

जब गयी आँख तब नहीं क्यों हम।
आँख की पुतलियाँ गँवाएँगे।4।

बे तरह जब कि आज हैं बिगड़े।
तब बड़ों को न क्यों बनाएँगे।5।

काटना कान है सपूतों का।
नाक अपनी न क्यों कटाएँगे।6।

पड़ गयी मार, पर मिले टुकड़े।
पूँछ कैसे नहीं हिलाएँगे।7।

क्यों दिखाएँगे नीच को नीचा।
आँख ऊँची अगर उठाएँगे।8।

हैं अगर बे हिसाब मुँह बाते।
किस तरह तो न मुँह की खाएँगे।9।

जाति को तो जिला नहीं सकते।
जान पर खेल जो न जाएँगे।10।