भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

आदमखोर बहेलिया / एस. मनोज

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

बहेलिये शिकार की खोज में
टोह नहीं लगाते
शहरों में घूमते हैं सरेआम
अब वे पशु पक्षियों को नहीं मारते
मनुष्य को मारते हैं
मनुष्य को मारना उनके लिए
पशु पक्षी मारने से अधिक आसान है
मनुष्य को मारने की पूरी प्रक्रिया के लिए
उन्हें राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है
इसलिए बहेलिये अब आदमखोर हो गए हैं।
मानव निरीह पशु के समान
विवश होता जा रहा है
क्योंकि प्रतिरोध के स्वर
सामूहिक विरोध
जन आंदोलन
सामाजिक चेतना
सांस्कृतिक नवजागरण
जीवंत कविताएं
सब कुछ का अभाव है
इसीलिए बहेलिये बढ़ते जा रहे हैं
इसीलिए बहेलिये सरेआम घूम रहे हैं
इसीलिए बहेलिये आदमखोर हो गए हैं।