भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

उन बिन लम्बी रातों का क्या? / शैलेन्द्र सिंह दूहन

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

उन बिन लम्बी रातों का क्या?
सावन की बरसातों का क्या?
रूठ बहारें रोती हैं अब
कोयल धीरज खोती हैं अब
आज पपीहे गीत सुना मत
उन बिन इन जजबातों का क्या?
सावन की बरसातों का क्या?
गमक बदरवे डाँट रहे हैं
नर्म बिछोने काट रहे हैं,
यादों की सिलवट में लिपटी
है मीठी सौगातों का क्या?
सावन की बरसातों का क्या?
सरर-सरर पुरवाई डोले
टरर-टरर टर दादुर बोले,
रिम झिम झरती मस्त सुबह के
उन बिन सब हालातों का क्या?
सावन की बरसातों का क्या?
खिलते अब अरमान नही वे
अधरों पर मुस्कान नहीं वे,
सब कुछ लगता रूखा-रूखा
उन बिन रूखी बातों का क्या?
सावन की बरसातों का क्या?