भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

एक सम्बोधन / शब्द के संचरण में / रामस्वरूप 'सिन्दूर'

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

आज तुझ को पत्र लिखने का हुआ है मन!
रात बीती, लिख न पाया एक सम्बोधन!
एक सम्बोधन!

शब्द खो कर रह गये हैं ध्वनि-तरंगों में,
हाथ आ-कर छूट जाते मणि, तरंगों में
आँख से रिसने लगा है एक जलप्लावन!
रात बीती, लिख न पाया एक सम्बोधन!
एक सम्बोधन!

प्राणपण से रच रहा था मैं प्रणय-पाती,
क्या करूँ, जो बुझ गयी नि:श्वास से बाती,
थरथराते देर तक, भूकम्प के डॉ क्षण!
रात बीती, लिख न पाया एक सम्बोधन!
एक सम्बोधन!

उड़ गया जुगनू मुझे छू, मूर्छना टूटी,
सर्जनातुर उँगलियों से लेखनी छूटी,
मैं हुआ-जाता अनागत गीत का गुन्जन!
रात बीती लिख न पाया एक सम्बोधन!
एक सम्बोधन!