भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

किसे पता है / मुन्नी गुप्ता

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

किसे पता है — समन्दर का सत्य
किसे पता है — चिड़िया का सत्य
कौन जानता है — मछली का सत्य ?

बहेलिया, मछुआरा, आसमान
सभी उलझे हैं
सत्य की खोज में ।

चित्रकार तूलिका से
कैनवास पर
सत्य को रचता है या
समय को ।

समय का सत्य ही क्या
समन्दर का सत्य है ?
समय का सत्य ही क्या
चिड़िया का सत्य है ?
पर किसे पता है — मछली का सत्य ?

मछली के गलफड़ों में ज़िन्दा समन्दर
क्या जान पाया — मछली के सत्य को ?

जीवन को क़ैद करनेवाला मछुआरा
क्या समझ पाया — मछली के सत्य को ?
मछली सत्य है या रहस्य ?
समन्दर सत्य है या रहस्य
चित्रकार सत्य है या रहस्य ?

सत्य कहाँ दफ़न है ?
समन्दर के भीतर या मछली की साँस में
या फिर चिड़िया की आँख में ?