भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

खौलते पानी में डाला जायेगा / कुमार नयन

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

खौलते पानी में डाला जायेगा
यूँ हमें धोया-खंगाला जायेगा

लूटने में लड़ पड़ें आपस में हम
इस तरह सिक्का उछाला जायेगा।

फिर मेरी मजबूरियों का देखना
दूसरा मतलब निकाला जायेगा।

एक मजहब के बताओ नाम पर
तख्त को कितना संभाला जायेगा।

कुछ अंधेरा हम भी लेकर घर चलें
तब कहीं घर-घर उजाला जायेगा।

मुझपे चलती हैं हथौड़ी छेनियां
मुझमें कोई अक्स ढाला जायेगा।

फिर हमारी ज़िन्दगी का फैसला
कल के जैसे कल पे टाला जायेगा।

बकरियों-गायों को लेकर चल 'नयन'
अब यहां बाघों को पाला जायेगा।