भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

गीतान्तर में गाया / शब्द के संचरण में / रामस्वरूप 'सिन्दूर'

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

मैंने अपने जन्मान्तर को, भाषान्तर में गाया!
कविता में अकथ कथान्तर को, गीतान्तर में गाया!

अक्षर-अक्षर स्वर-लिपियों में अनुगुन्जन ढल जाता है,
ध्वनि-मुद्रित शब्द-शब्द में कोई छन्द उभर आता है,
मैंने अपने भावान्तर को, भाषान्तर में गाया!
निर्वचन हुए अर्थान्तर को, गीतान्तर में गाया!

रस-चक्रव्यूह भेदन कर मैंने काया-कल्प किया है,
निर्झर से घाटी में उतरी गति का संगीत जिया है,
मैंने अपने रूपान्तर को, भाषान्तर में गाया!
प्रान्तर-प्रान्तर देशान्तर को, गीतान्तर में गाया!

मैं आत्म निरति में डूब नाद के तलमें लौट गया हूँ,
भूला श्रुतियों को श्रुति के पहले पल में लौट गया हूँ,
मैंने अपने लोकान्तर को, भाषान्तर में गाया!
ठहरे-ठहरे कालान्तर को, गीतान्तर में गाया!