भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

जगह देख कै बाग़ लगा दिया छोटी-छोटी क्यारी / लखमीचंद

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

जगह देख कै बाग़ लगा दिया छोटी-छोटी क्यारी।
तरह तरह के फूल बाग में, खुश्बो न्यारी-न्यारी।|(टेक)

दो दरवाजे गड़े बाग़ में देख्या भीतर बड़-कै,
एक पानी का चलै फुहारा, मन चाहवै जब छिडकै,
माणस राख लिया बाग़ बीच में, बाग़ का माली घड़ कै,
पत्ता तक भी तोड़ण दे ना, देखीं जा गिर-पड़ कै।

ना देखै तै किस नै बतावै, उस्सै की जिम्मेवारी।
तरह तरह के फूल बाग में खुश्बो न्यारी-न्यारी।|

दो दरवाजे लगे बाग़ में न्यारे न्यारे पाग्ये।
एक दरवाजा इसा लग्या, जो भीत्तर चीज पहुन्चादे।
दो दरवाजे और लगे जो सारी खबर सुनादे।
एक दरवाजा इसा लग्या जो गंदगी बाहर बगा दे।

दो दरवाजे इसे बाग़ में या दीखै दुनिया सारी।
तरह तरह के फूल बाग में खुश्बो न्यारी-न्यारी।|

बाग़ बीच में फिर कै देख्या, काफी चीज खाण नै।
एक पानी का पम्प चलै था, पीवण और नहाण नै।
जितना पानी गन्दा हो, एक रास्ता बाहर जाण नै।
एक दरवाजे पै लौड़ स्पीकर आनंद राग गाण ने।

छुट्टी के दिन पूरे होग्ये, फिर आ पहुंचा दरबारी।
तरह तरह के फूल बाग में खुश्बो न्यारी-न्यारी।|

तार टूट-कै कटा कनेक्सन, देता नहीं सुनायी।
अंख्या के दर बंद होग्ये, कुछ देता नहीं दिखाई।
सारी चीज मिली बाग़ में, ना चीज बहार तैं आई।
बाग़ छोड़ कै बहार लिकड़ गया कुछ ना पार बसाई।

कह लखमीचंद इस बाग़ नै या दुनिया सिर पै ठा-री।
तरह तरह के फूल बाग में खुश्बो न्यारी न्यारी।|