भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

देह का संगीत / अनूप अशेष

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

आज पूरी देह का संगीत
हिलती डाल पर
छूटते है क्षण हवा के
ज्यों किसी रूमाल पर

भौंह आँखें बाँह नाभि
तक रचीं -
कत्थक अदाएँ
बाण फूलों के लिए
उतरीं सुरों की अपसराएँ

फँस गई ऋतुएँ कुँवारी
केश खोले जाल पर

फूटते हैं उँगलियों में
गंध के सोते
साँझ की यह बाँसुरी ले
उर्वशी!
हम पुरुरवा
तेरे लिए होते

बाँधते मन बोल मीठे
अप्सरा के ताल पर।