भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

दो अक्टूबर हमको प्यारा / कमलेश द्विवेदी

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

आज हुये दो महापुरुष जिनसे परिचित जग सारा।
इसीलिए यह दो अक्टूबर हम सबको है प्यारा।

पहले महापुरुष आये थे-
पूज्य महात्मा गाँधी।
जो अंग्रेज़ी सत्ता खातिर,
बनकर आये आँधी।
चला अहिंसा-शस्त्र जिन्होंने हिंसा को संहारा।
इसीलिए यह दो अक्टूबर हम सबको है प्यारा।

दूजे लालबहादुर शास्त्री,
इसी दिवस को जन्मे।
बने दूसरे प्रधानमंत्री,
छाये जन-गण-मन में।
जय जवान-जय किसान का था दिया जिन्होंने नारा।
इसीलिए यह दो अक्टूबर हम सबको है प्यारा।

इन दोनों की आज जयंती,
मिलकर सभी मनायें।
और इन्हीं के आदर्शों पर,
चलकर हम दिखलायें।
तभी बढ़ेगा सबसे आगे भारतवर्ष हमारा।
इसीलिए यह दो अक्टूबर हम सबको है प्यारा।