भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

पंद्रह अगस्त पर्व मनायें / कमलेश द्विवेदी

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

आओ हम पंद्रह अगस्त का पावन पर्व मनायें।
आजादी का अमर तिरंगा मिल-जुल कर फहरायें।

भारत की पहचान तिरंगा,
सदा शान से फहरे।
कोई दुश्मन हो, पर इसके
आगे कभी न ठहरे।
इसकी खातिर भले प्राण तक न्यौछावर जायें।
आओ हम पंद्रह अगस्त का पावन पर्व मनायें।

भगतसिंह-अशफाकउल्ला खाँ,
रानी लक्ष्मीबाई.
कितनों ने ही आजादी की,
खातिर जान गँवाई.
इन सबके बलिदानों की हम भूलें मत गाथायें।
आओ हम पंद्रह अगस्त का पावन पर्व मनायें।

उन्नति-पथ पर सदा बढ़ें हम,
यही लक्ष्य हो अपना।
हमको ही करना है पूरा,
रामराज्य का सपना।
गाँधी जी के सपनों वाला भारतवर्ष बनायें।
आओ हम पंद्रह अगस्त का पावन पर्व मनायें।