भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

प्रिय प्रवास / अयोध्या सिंह उपाध्याय ‘हरिऔध’ / तृतीय सर्ग / पृष्ठ - १

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

द्रुतविलंबित छंद

समय था सुनसान निशीथ का।
अटल भूतल में तम-राज्य था।
प्रलय – काल समान प्रसुप्त हो।
प्रकृति निश्चल, नीरव, शांत थी॥१॥
परम - धीर समीर - प्रवाह था।
वह मनों कुछ निद्रित था हुआ।
गति हुई अथवा अति - धीर थी।
प्रकृति को सुप्रसुप्त विलोक के॥२॥
सकल – पादप नीरव थे खड़े।
हिल नहीं सकता यक पत्र था।
च्युत हुए पर भी वह मौन ही।
पतित था अवनी पर हो रहा॥३॥
विविध – शब्द – मयी वन की धरा।
अति – प्रशांत हुई इस काल थी।
ककुभ औ नभ - मंडल में नहीं।
रह गया रव का लवलेश था॥४॥
सकल – तारक भी चुपचाप ही।
बितरते अवनी पर ज्योति थे।
बिकटता जिस से तम – तोम की।
कियत थी अपसारित हो रही॥५॥
अवश तुल्य पड़ा निशि अंक में।
अखिल – प्राणि – समूह अवाक था।
तरु - लतादिक बीच प्रसुप्ति की।
प्रबलता प्रतिबिंबित थी हुई॥६॥
रुक गया सब कार्य - कलाप था।
वसुमती – तल भी अति – मूक था।
सचलता अपनी तज के मनों।
जगत था थिर होकर सो रहा॥७॥
सतत शब्दित गेह समूह में।
विजनता परिवर्द्धित थी हुई।
कुछ विनिद्रित हो जिनमें कहीं।
झनकता यक झींगुर भी न था॥८॥
बदन से तज के मिष धूम के।
शयन – सूचक श्वास - समूह को।
झलमलाहट – हीन – शिखा लिए।
परम – निद्रित सा गृह – दीप था॥९॥
भनक थी निशि-गर्भ तिरोहिता।
तम – निमज्जित आहट थी हुई।
निपट नीरवता सब ओर थी।
गुण – विहीन हुआ जनु व्योम था॥१०॥
इस तमोमय मौन निशीथ की।
सहज – नीरवता क्षिति – व्यापिनी।
कलुपिता ब्रज की महि के लिए।
तनिक थी न विराम प्रदायिनी॥११॥
दलन थी करती उसको कभी।
रुदन की ध्वनि दूर समागता।
वह कभी बहु थी प्रतिघातता।
जन – विवोधक – कर्कश – शब्द से॥१२॥
कल प्रयाण निमित्त जहाँ – तहाँ।
वहन जो करते बहु वस्तु थे।
श्रम – सना उनका रव - प्रायश:।
कर रहा निशि – शांति विनाश था॥१३॥
प्रगटती बहु - भीषण मूर्ति थी।
कर रहा भय तांडव नृत्य था।
बिकट – दंट भयंकर - प्रेत भी।
बिचरते तरु – मूल – समीप थे॥१४॥
वदन व्यादन पूर्वक प्रेतिनी।
भय – प्रदर्शन थी करती महा।
निकलती जिससे अविराम थी।
अनल की अति - त्रासकरी - शिखा॥१५॥
तिमिर – लीन – कलेवर को लिए।
विकट – दानव पादप थे बने।
भ्रममयी जिसकी विकरालता।
चलित थी करती पवि – चित्त को॥१६॥
अति – सशंकित और सभीत हो।
मन कभी यह था अनुमानता।
ब्रज समूल विनाशन को खड़े।
यह निशाचर हैं नृप – कंस के॥१७॥
अति – भयानक – भूमि मसान की।
बहन थी करती शव – राशि को।
बहु – विभीषणता जिनकी कभी।
दृग नहीं सकते अवलोक थे॥१८॥
बिकट - दंत दिखाकर खोपड़ी।
कर रही अति - भैरव - हास थी।
विपुल – अस्थि - समूह विभीषिका।
भर रही भय थी बन भैरवी॥१९॥
इस भयंकर - घोर - निशीथ में।
विकलता अति – कातरता - मयी।
विपुल थी परिवर्द्धित हो रही।
निपट – नीरव – नंद – निकेत में॥२०॥