भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

प्रिय प्रवास / अयोध्या सिंह उपाध्याय ‘हरिऔध’ / तृतीय सर्ग / पृष्ठ - ३

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

कुल विवर्द्धन पालन ओर ही।
प्रभु रही भवदीय सुदृष्टि है।
यह सुमंगल मूल सुदृष्टि ही।
अति अपेक्षित है इस काल भी॥४१॥
समझ के पद - पंकज - सेविका।
कर सकी अपराध कभी नहीं।
पर शरीर मिले सब भाँति में।
निरपराध कहा सकती नहीं॥४२॥
इस लिये मुझसे अनजान में।
यदि हुआ कुछ भी अपराध हो।
वह सभी इस संकट - काल में।
कुलपते! सब ही विधि क्षम्य है॥४३॥
प्रथम तो सब काल अबोध की।
सरल चूक उपेक्षित है हुई।
फिर सदाशय आशय सामने।
परम तुच्छ सभी अपराध हैं॥४४॥
सरलता-मय-बालक श्याम तो।
निरपराध, नितांत – निरीह है।
इस लिये इस काल दयानिधे।
वह अतीव – अनुग्रह – पात्र है॥४५॥

मालिनी छंद

प्रमुदित मथुरा के मानवों को बना के।
सकुशल रह के औ’ विघ्न बाधा बचा के।
निजप्रिय सुत दोनों साथ लेके सुखी हो।
जिस दिन पलटेंगे गेह स्वामी हमारे॥४६॥
प्रभु दिवस उसी मैं सत्विकी रीति द्वारा।
परम शुचि बड़े ही दिव्य आयोजनों से।
विधिसहित करूँगी मंजु पादाब्ज - पूजा।
उपकृत अति होके आपकी सत्कृपा से॥४७॥

द्रुतविलंबित छंद

यह प्रलोभन है न कृपानिधे।
यह अकोर प्रदान न है प्रभो।
वरन है यह कातर–चित्त की।
परम - शांतिमयी - अवतारणा॥४८॥
कलुष - नाशिनि दुष्ट - निकंदिनी।
जगत की जननी भव–वल्लभे।
जननि के जिय की सकला व्यथा।
जननि ही जिय है कुछ जानता॥४९॥
अवनि में ललना जन जन्म को।
विफल है करती अनपत्यता।
सहज जीवन को उसके सदा।
वह सकंटक है करती नहीं॥५०॥
उपजती पर जो उर व्याधि है।
सतत संतति संकट - शोच से।
वह सकंटक ही करती नहीं।
वरन जीवन है करती वृथा॥५१॥
बहुत चिंतित थी पद-सेविका।
प्रथम भी यक संतति के लिए।
पर निरंतर संतति - कष्ट से।
हृदय है अब जर्जर हो रहा॥५२॥
जननि जो उपजी उर में दया।
जरठता अवलोक - स्वदास की।
बन गई यदि मैं बड़भागिनी।
तब कृपाबल पाकर पुत्र को॥५३॥
किस लिये अब तो यह सेविका।
बहु निपीड़ित है नित हो रही।
किस लिये, तब बालक के लिये।
उमड़ है पड़ती दुख की घटा॥५४॥
‘जन-विनाश’ प्रयोजन के बिना।
प्रकृति से जिसका प्रिय कार्य्य है।
दलन को उसके भव - वल्लभे।
अब न क्या बल है तव बाहु में॥५५॥
स्वसुत रक्षण औ पर-पुत्र के।
दलन की यह निर्म्मम प्रार्थना।
बहुत संभव है यदि यों कहें।
सुन नहीं सकती ‘जगदंबिका’॥५६॥
पर निवेदन है यह ज्ञानदे।
अबल का बल केवल न्याय है।
नियम-शालिनि क्या अवमानना।
उचित है विधि-सम्मत-न्याय की॥५७॥
परम क्रूर-महीपति – कंस की।
कुटिलता अब है अति कष्टदा।
कपट-कौशल से अब नित्य ही।
बहुत-पीड़ित है ब्रज की प्रजा॥५८॥
सरलता – मय – बालक के लिए।
जननि! जो अब कौशल है हुआ।
सह नहीं सकता उसको कभी।
पवि विनिर्मित मानव-प्राण भी॥५९॥
कुबलया सम मत्त – गजेन्द्र से।
भिड़ नहीं सकते दनुजात भी।
वह महा सुकुमार कुमार से।
रण-निमित्त सुसज्जित है हुआ॥६०॥