भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

रूप-केकी / अज्ञेय

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

     रूप-केकी नाचते हैं,
     सार-घन! बरसो।
     बहुत विस्मृत, बहुत सूना
     है गगन जिस को नहीं

     उन की पुकारें भर सकेंगी,
     बहुत है गरिमा धरा की
     नहीं उस के कर्ष-बल से आत्म-विभोर भी
     उन की उड़ान उबर सकेगी।

     तुम्हीं अपनी दामिनी मायाविनी की
     लेखनी अमरत्वदायिनी से
     उन्हें परसो।
     सार-घन! बरसो।

     रूप-केकी नाचते हैं,
     सार-घन! बरसो।

क्योतो-ओसाका (रेल में), 16 दिसम्बर, 1957