भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

होली आज मनाएँ / एक बूँद हम / मनोज जैन 'मधुर'

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

सारे रंग मलाल भुलाकर
होली आज मनाएँ

मन की थाली में रहीम ने
भावों का रंग घोला
रंग लगाकर राम तोड़ता
बरसों का अनबोला
आओ मिलकर हम नफरत को
होली में सुलगाएँ

बच्चे थामे घूम रहे हैं
रंग भरी पिचकारी
देवर ने भाभी की देखो
सूरतिया रंग डारी
रंग पर्व में मर्यादा की
रेखा भूल न जाएँ

बना विदूषक प्रेम रंग में
नाच रहा है छैला
भर भर मुट्ठी रंग उड़ाती
बालकनी से लैला
टूटे हुए दिलों को जोड़ें
रंग अबीर उड़ाएँ

गली-गली हुड़दंग मचाती
हुरियारों की टोली
आज कन्हैया को रंग देना
है राधा की चोली
रंग पर्व में अधर अधर पर
रच श्रंगार सजाएँ

जीवन के इस युद्ध क्षेत्र में
उखड़ी जिनकी सॉसें
चलो पोंछने ऑंसू उनके
नम हैं जिनकी ऑंखें
सम्बल के रंग भर ऑंखों में
चलकर धीर बॅंधाएँ