भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

राग केदारौ / पृष्ठ - १ / पद / कबीर

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

सार सुख पाइये रे, रंगि रमहु आत्माँराँम॥टेक॥
बनह बसे का कीजिये, जे मन नहीं तजै बिकार।
घर बन तत समि जिनि किया ते बिरला संसार॥
का जटा भसम लेपन किये, कहा गुफा मैं बास।
मन जीत्या जग जीतिये, जौ बिषया रहै उदास॥
सहज भाइ जे ऊपजै, ताका किसा माँन अभिमान।
आपा पर समि चीनियैं, तब मिलै आतमां राम॥
कहै कबीर कृपा भई, गुर ग्यान कह्या समझाइ।
हिरदै श्री हरि भेटियै, जे मन अनतै नहीं जाइ॥300॥

है हरि भजन कौ प्रवान।
नींच पावैं ऊँच पदवी बाजते नीसान॥टेक॥
भजन कौ प्रताप ऐसो, तिरे जल पाषान।
अधम भील अजाति गनिका, चढ़े जात बिवान॥
नव लख तारा चलै मंडल, चलै ससिहर भान।
दास धू कौ अटल पदवी, राम को दीवाँन॥
निगत जाकी साखि बोलै, कहै संत सुजाँन।
जन कबीर तेरी सरनि आयौ, राखि लेहु भगवाँन॥301॥

चलो सखी जाइये तहाँ, जहाँ गये पाइयै परमानंद॥टेक॥
यहु मन आमन धूमनाँ, मेरो तन छीजत नित जाइ।
च्यंतामणि चित चोरियौ, ताथैं कछू न सुहाइ॥
सुँनि लखी सुपनै की गति ऐसी, हरि आए हम पास।
सोवत ही जगाइया, जागत भए उदास॥
चलु सखी बिलम न कीजिये, जब लग सांस सरीर।
मिलि रहिये जमनाथ सूँ, सूँ कहै दास कबीर॥302॥

मेरे तन मन लागी चोट सठोरी।
बिसरे ग्यान बुधि सब नाठी, भई बिकल मति बौरी॥टेक॥
देह बदेह गलित गुन तीनूँ, चलत अचल भई ठौरी।
इत उत चित कित द्वादस चितवत, यहु भई गुपत ठगौरी॥
सोई पै जानै पीर हमारी, जिहिं सरीर यहु ब्यौरी।
जन कबीर ठग ठग्यौ है बापुरौ, सुंनि सँमानी त्यौरी॥303॥

मेरी अँषियाँ जानि सुजान भई।
देवर भरम ससुर संग तजि करि, हरि पीव तहाँ गई॥टेक॥
बालपनै के करम हमारे काटे जानि दई।
बाँह पकरि करि कृपा कीन्हीं, आप समीप लई॥
पानी की बूँद थैं जिनि प्यंड साज्या, तासंगि अधिक करई।
दास कबीर पल प्रेम न घटई, दिन दिन प्रीति नई॥304॥

हो बलियां कब देखोगी तोहि।
अह निस आतुर दरसन कारनि, ऐसी ब्यापै मोहि॥टेक॥
नैन हमारे तुम्ह कूँ चांहै, रती न मांनै हारि।
बिरह अगनि तन अधिक जरावै ऐसी लेहु बिचारि॥
सुनहुं हमारी दादि गुसांई, अब जिन करहुं वधीर।
तुम्ह धीरज मैं आतुर स्वामी, काचै भांडै नीर॥
बहुत दिनन के बिछुरै माधौ, मन नहीं बाँधे धीर।
देह छतां तुम्ह मिलहु कृपा करि, आरतिवंत कबीर॥305॥

वे दिन कब आवैगे भाइ।
जा कारनि हम देह धरी है, मिलिबौ अंगि लगाइ॥टेक॥
हौं जाँनूं जे हिल मिलि खेलूँ, तन मन प्राँन समाइ।
या काँमनाँ करौ परपूरन, समरथ हौ राम राइ॥
मांहि उदासी साधौ चाहे, चितवन रैनि बिहाइ।
सेज हमारी स्यंध भई है, जब सोऊँ तब खाइ।
यह अरदास दास की सुनिये, तन को तपति बुझाइ॥
कहैं कबीर मिलै जे साँई, मिलि करि मंगल गाइ॥306॥

बाल्हा आव हमारे गेहु रे, तुम्ह बिन दुखिया देह रे॥टेक॥
सब को कहै तुम्हारी नारी, मोकौ इहै अदेह रे।
एकमेक ह्नै सेज न सोवै, तब लग कैसा नेह रे॥
आन न भावै नींद न आवै, ग्रिह बन धरै न धीर रे।
ज्यूँ कामी कौ काम पियारा, ज्यूँ प्यासे कूँ नीर रे॥
है कोई ऐसा परउपगारी, हरि सूँ कहै सुनाइ रे॥
ऐसे हाल कबीर भये हैं, बिन देखे जीव जाइ रे॥307॥
भावार्थ- कबीर स्वयं को विरहिणी मानते है। उनकी आत्मा रूपी विरहिणी कहती है हे वल्लभ! हे प्रियतम! हे परमात्मा! मेरे घर आओ। घर आने से यहां पर उनका अर्थ आत्मा में परमात्मा के मिल जाने से है। परमात्मा तुम्हारे बिना यह मेरी देह बहुत अधिक दुख पा रही है। सारे लोग मुझसे कह रहे हैं कि मैं (कबीर) तुम्हारी धर्मपत्नी हूं लेकिन मैं यह कैसे मान लूं। मुझे तो इस बात में पूरा संदेह है क्योंकि यदि मैं तुम्हारी स्त्री होती (पत्नी होती) तो तुम मेरे साथ मेरे घर पर एक ही शैया पर शयन करते। हे परमात्मा! तुम तो मेरे पुकारने पर भी घर नहीं आ रहे हो। यह कैसा स्नेह है ? तुम्हारे बिना मुझे इस संसार की किसी भी वस्तु से मोह नहीं बचा है। मेरे मन को कुछ भी अच्छा नहीं लग रहा है। यहां तक कि मैं नींद भी नहीं ले पा रहा हूं। मेरा मन , घर में तथा वन में कहीं पर भी धीरज नहीं रख पा रहा है। जैसे किसी कामी व्यक्ति को काम प्यारा होता है, जैसे किसी प्यासे व्यक्ति को पानी की इच्छा होती है उसी प्रकार से मेरी आत्मा रूपी पत्नी को परमात्मा रूपी पति की जरूरत है। क्या इस संसार में कोई ऐसा परोपकारी है जो मुझ पर यह परोपकार करें और परमात्मा से जाकर मेरे मन की सारी बातें, मेरे सारे भाव सुना दे। कबीर कह रहे हैं कि परमात्मा के बिना मेरी स्थिति, मेरी दशा दयनीय हो गई है। यदि परमात्मा मुझे दर्शन नहीं देंगे तो मेरे प्राण ही निकल जाएंगे।

 *विशेष- कबीर यहां पर आत्मा और परमात्मा के मिलन की बात कर रहे हैं। दांपत्य जीवन के उदाहरण द्वारा एक विरहिणी अपने प्रेम के प्रति एक निष्ठ भाव की बात करती है। परमात्मा से मिलने की परम इच्छा तथा सांसारिक विषय- वस्तु से मोहभंग का चित्रण प्रस्तुत किया गया है।


माधौ कब करिहौ दाया।
काम क्रोध अहंकार ब्यापै, नां छूटे माया॥टेक॥
उतपति ब्यंद भयौ जा दिन थें, कबहूँ सच नहीं पायो।
पंच चोर सगि लाइ दिए हैं, दन संगि जनम गँवायो।
तन मन डस्यौ भुजंग भामिनी, लहरी वार न पारा।
सो गारडू मिल्यो नहीं कबहूँ, पसरो बिष बिकराला।
कहै कबीर यहु कासूँ कहिये, यह दुख कोई न जानै।
देहु दीदार बिकार दूरि करि, तब मेरा मन मांनै॥308॥
टिप्पणी: ख-लहरी अंत न पारा।
भावार्थ - कबीर कहते हैं हे माधव हे, ईश्वर, हे प्रभु तुम मुझ पर दया कब करोगे। मेरे भीतर काम, क्रोध व अहंकार विष के रूप में एकत्रित होते जा रहे हैं। यह मोह- माया, यह सांसारिकता मुझसे छूट नहीं पा रही है। तुम मुझे इन सबसे कब मुक्त करोगे ? जिस बिंदु (वीर्य) से मेरे जीवन की उत्पत्ति हुई है (उसी बिंदु से) उसी दिन से मैं सांसारिक वासनाओं में डूबा हुआ हूँ। मैंने जीवन -कर्म की सच्चाई को अभी तक नहीं पाया है। काम, क्रोध, लालच, मोह व द्वेष चोरों की भाँति मेरे भीतर छिपे हुए हैं, ये मेरे जीवन की शांति को चुरा रहे हैं। मैं अपना जन्म इन्हीं चोरों के साथ रहकर नष्ट कर रहा हूँ। मेरे तन तथा मन को कामना और लालसा रूपी साँप ने डस लिया है उसकी ज़हरीली लहरों का कोई भी किनारा नहीं है। मैं उसी में डूबा हुआ हूँ। मैं उस ईश्वर को ढूंढ रहा हूं जो मेरा यह विष उतार दे लेकिन ईश्वर मुझे नहीं मिल नहीं रहे हैं। यह सांसारिकता रूपी विष मेरे भीतर विकराल होता जा रहा है, फैलता जा रहा है। कबीर कहते हैं इस दुख को मैं किससे कहूँ क्योंकि मेरा यह दुख सिर्फ मैं ही जानता हूं। इसे मैं ही भुगत रहा हूं। मेरे भीतर इन दूषित कामनाओं ने, दूषित इच्छाओं ने मेरे शरीर को, मेरे मन पूरी तरह से अपने बस में कर लिया है। हे ईश्वर! मुझे दर्शन दो और मेरे इन सभी दोषों को दूर करो। मेरे जीवन को पार लगाने वाले, मुझे विषाक्त विषयों से दूर करने वाले एकमात्र तुम ही हो प्रभु। तुमसे मिलकर ही मेरा मन संतुष्ट होगा।

  • विशेष -कबीर परमात्मा से बड़ा किसी को नहीं मानते हैं। उनके अनुसार हमारा जन्म सद्कार्यों के लिए होता है लेकिन हम सांसारिक मोहमाया, कामनाओं व इच्छाओं में इस प्रकार डूब जाते हैं कि हम अपने जीवन का वास्तविक धर्म भूल जाते हैं तब एक मात्र ईश्वर भक्ति है जो हमें सही मार्ग की ओर ले जा सकती है और जीवन की विषाक्तता को दूर कर सकती है।


मैं बन भूला तूँ समझाइ।
चित चंचल रहै न अटक्यौ, बिषै बन कूँ जाइ॥टेक॥
संसार सागर मांहि भूल्यो, थक्यो करत उपाइ।
मोहनी माया बाघनी थैं, राखि लै राम राइ।
गोपाल सुनि एक बीनती, सुमति तन ठहराइ।
कहै कबीर यहु काम रिप है, मारै सबकूँ ढाइ॥309॥

भगति बिन भौजलि डूबत है रे।
बोहिथ छाड़ि बेसि करि डूंडै, बहुतक दुख सहै रे॥टेक॥
बार बार जम पै डहकावै, हरि को ह्नै न रहे रे।
चोरी के बालक की नाई, कासूँ बाप कहे रे॥
नलिनी के सुवटा की नांई, जग सूँ राचि रहे रे।
बंसा अपनि बंस कुल निकसै, आपहिं आप दहे रे॥
खेवट बिनां कवन भौ तारै, कैसे पार गहे रे।
दास कबीर कहै समझावै, हरि की कथा जीवै रे॥
रांम कौ नाँव अधिक रस मीठौं, बारंबार पीवै रे॥310॥

भावार्थ
कबीर कहते हैं हे माधव हे, ईश्वर, हे प्रभु तुम मुझ पर दया कब करोगे। मेरे भीतर काम, क्रोध व अहंकार विष के रूप में एकत्रित होते जा रहे हैं। यह मोह- माया, यह सांसारिकता मुझसे छूट नहीं पा रही है। तुम मुझे इन सबसे कब मुक्त करोगे ? जिस बिंदु (वीर्य) से मेरे जीवन की उत्पत्ति हुई है (उसी बिंदु से) उसी दिन से मैं सांसारिक वासनाओं में डूबा हुआ हूँ। मैंने जीवन -कर्म की सच्चाई को अभी तक नहीं पाया है। काम, क्रोध, लालच, मोह व द्वेष चोरों की भाँति मेरे भीतर छिपे हुए हैं, ये मेरे जीवन की शांति को चुरा रहे हैं। मैं अपना जन्म इन्हीं चोरों के साथ रहकर नष्ट कर रहा हूँ। मेरे तन तथा मन को कामना और लालसा रूपी साँप ने डस लिया है उसकी ज़हरीली लहरों का कोई भी किनारा नहीं है। मैं उसी में डूबा हुआ हूँ। मैं उस ईश्वर को ढूंढ रहा हूं जो मेरा यह विष उतार दे लेकिन ईश्वर मुझे नहीं मिल नहीं रहे हैं। यह सांसारिकता रूपी विष मेरे भीतर विकराल होता जा रहा है, फैलता जा रहा है। कबीर कहते हैं इस दुख को मैं किससे कहूँ क्योंकि मेरा यह दुख सिर्फ मैं ही जानता हूं। इसे मैं ही भुगत रहा हूं। मेरे भीतर इन दूषित कामनाओं ने, दूषित इच्छाओं ने मेरे शरीर को, मेरे मन पूरी तरह से अपने बस में कर लिया है। हे ईश्वर! मुझे दर्शन दो और मेरे इन सभी दोषों को दूर करो। मेरे जीवन को पार लगाने वाले, मुझे विषाक्त विषयों से दूर करने वाले एकमात्र तुम ही हो प्रभु। तुमसे मिलकर ही मेरा मन संतुष्ट होगा।
  • विशेष -कबीर परमात्मा से बड़ा किसी को नहीं मानते हैं। उनके अनुसार हमारा जन्म सद्कार्यों के लिए होता है लेकिन हम सांसारिक मोहमाया, कामनाओं व इच्छाओं में इस प्रकार डूब जाते हैं कि हम अपने जीवन का वास्तविक धर्म भूल जाते हैं तब एक मात्र ईश्वर भक्ति है जो हमें सही मार्ग की ओर ले जा सकती है और जीवन की विषाक्तता को दूर कर सकती है।
Usha-dashora-kavitakosh-200px.png
उषा दशोरा
सहायक शिक्षिका (हिंदी)