Last modified on 22 जून 2018, at 13:13

नाम ईश्वर का सबेरे शाम है / रंजना वर्मा

Sharda suman (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 13:13, 22 जून 2018 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=रंजना वर्मा |अनुवादक= |संग्रह=खुश...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

नाम ईश्वर का सवेरे शाम है।
बस यही आराधना का नाम है॥

रब उसे बोलो कहो भगवान या
रम रहा हर एक में बस राम है॥

धर्म मज़हब का तमाशा किसलिये
जब बसा सब में वही अभिराम है॥

है उसी की सब यहाँ कारीगरी
हम थकें रब को कहाँ विश्राम है॥

बैठ कर पल भर नयन हम मूँद लें
शांत मन को मिल रहा आराम है॥

बस रहा है जो चराचर जगत में
ईश ही वह मात्र शोभाधाम है॥

छोड़ने की बात छोड़ो थाम लो
प्रभु चरण रज मिल रही बेदाम है॥