आपके प्रश्न

प्रश्न: विटामिन ज़िन्दगी पुरस्कार का आरम्भ कैसे हुआ?

उत्तर: कविता कोश व गद्य कोश परियोजना के संस्थापक श्री ललित कुमार 'सम्यक ललित' ने मई 2019 में पोलियो के साथ अपने संघर्ष के बारे में अपना संस्मरण 'विटामिन ज़िन्दगी' शीर्षक से प्रकाशित किया। यह पुस्तक बहुत लोकप्रिय हुई। इसी के साथ सम्यक ललित ने विकलांगता विमर्श को साहित्य में एक आंदोलन की तरह स्थापित करने के प्रयास आरम्भ किए। इस प्रयासों में कविता कोश में विकलांगता विमर्श की रचनाओं का अनुभाग स्थापित करना, विकलांगता विमर्श से जुड़ी नई पुस्तकों का प्रकाशन करना और रचनाकारों को इस विषय पर लिखने के लिए प्रेरित करना शामिल है। इसी कड़ी में सम्यक ललित ने जनवरी 2021 में विटामिन ज़िन्दगी पुरस्कार स्थापित करने की घोषणा की। प्रथम पुरस्कार 15 अप्रैल 2021 को दिया गया।

प्रश्न: इस पुरस्कार का उद्देश्य क्या है?

उत्तर: विटामिन ज़िन्दगी पुरस्कार का उद्देश्य साहित्यकारों को विकलांगता-केन्द्रित साहित्य लिखने के लिए प्रेरित करना है। इस पुरस्कार के लिए वही प्रविष्टियाँ योग्य मानी जाती हैं जो विकलांगजन के जीवन, मनोदशा, समस्याओं, स्वपनों, प्रयत्नों और उनके प्रति समाज के व्यवहार इत्यादि आयामों से जुड़ी हों।

प्रश्न: केवल अप्रकाशित रचनाएँ ही क्यों स्वीकार्य हैं?

उत्तर: विटामिन ज़िन्दगी पुरस्कार उत्कृष्ट लेखन को प्रोत्साहन देता है -- हालाकि यह सम्यक ललित द्वारा आरम्भ किए गए अभियान का एक अंग मात्र है जिसका उद्देश्य साहित्य में विकलांगता विमर्श का सर्वांगीण विकास करना है; और इस विमर्श को एक साहित्यिक आंदोलन की तरह स्थापित करना है। हम चाहते हैं कि विकलांगता से जुड़ा अधिकाधिक लेखन हो और नई-नई रचनाएँ रची जाएँ। इसीलिए पहले से प्रकाशित रचनाओं को फ़िलहाल इस पुरस्कार के लिए स्वीकार नहीं किया जाता।

प्रश्न: पुरस्कार के लिए पहले भेजी जा चुकी रचनाएँ फिर से क्यों नहीं स्वीकार की जाती?

उत्तर: हम चाहते हैं कि विकलांगता से जुड़ा अधिकाधिक लेखन हो और नई-नई रचनाएँ रची जाएँ। इसीलिए पुरस्कार के लिए पूर्व में भेजी जा चुकी रचनाओं को भावी पुरस्कारों के लिए स्वीकार नहीं किया जाता।

प्रश्न: पुरस्कार राशि में बदलाव हो सकता है; ऐसा क्यों?

उत्तर: फ़िलहाल इस पुरस्कार के लिए धनराशि सम्यक ललित द्वारा निजी-रूप से उपलब्ध कराई जा रही है। इसीलिए बदलाव की संभावना रखी गई है। यदि कोई व्यक्ति या संस्था इन पुरस्कारों को प्रायोजित करना चाहे तो आपका स्वागत है। इस बारे में vitaminzindagi@gmail.com पर सम्पर्क करें।

प्रश्न: पुरस्कार किन संस्थाओं द्वारा समर्थित है?

उत्तर: यह पुरस्कार कविता कोश और ईवारा फ़ाउण्डेशन द्वारा समर्थित है।

अन्य किसी जानकारी के लिए vitaminzindagi@gmail.com पर सम्पर्क करें