भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

"डॉलफिन / पुष्पिता" के अवतरणों में अंतर

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज
('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=पुष्पिता |अनुवादक= |संग्रह= }} {{KKCatKavita...' के साथ नया पन्ना बनाया)
 
(कोई अंतर नहीं)

14:44, 26 मई 2014 के समय का अवतरण

डॉलफिन
सामुद्री ममता की प्रतीक
सागर की ह्रदय बनी हुई
धड़कती रहती है
लहरों के बीच
लहर बन कर।

ऋषि समुद्र की संतान
सागर-मेधा-डॉलफिन
सागर की मेधस्वी नागरिक
न्यूजीलैंड, उत्तरी अमेरिका, कैरेबियाई सागर
दक्षिण अमेरिका और अर्जेंटाइनी तट पर
समुद्र की लहरों को
चुनौती देती हुई
लहरों की
बाधक दौड़ से
निर्बाध खेलती रात-दिन
कभी पानी के भीतर
कभी पानी के ऊपर।

समुद्र की
स्मृतियों का घर है
डॉलफिन के भीतर
जलजीवों की सहचरा
मनुष्यों की भेंट पर
करती है मानवोचित आचरण
चूमती है हाथ और ओंठ
खेलती है बच्चों की तरह।
समुद्र और पृथ्वी का भेद मिटाकर
लौटती है रेत-तट पर
और अपनी खिलखिलाहट में
उद्घोष करती है
सार्वभौमिक आनंद का रहस्य।

समुद्र के भीतर है
सृष्टि की प्रकृति
प्रकृति की छटा
मनमोहक
जल ही जहाँ का पवन है
और जीवन भी।

पञ्च तत्वों ने
रचा है समुद्र भीतर समुद्री पृथ्वी
जीवंत आलोक से भरपूर
जहाँ मछलियाँ तैरने से अधिक
उड़ती हैं तितलियों सी
जिनका रंग
सपनों की तरह
घुला है समुद्र में
जिसे पीती है डॉलफिन।