भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए
"खोल दो अब नाव / कुमार रवींद्र" के अवतरणों में अंतर
Kavita Kosh से
('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=कुमार रवींद्र |अनुवादक= |संग्रह=च...' के साथ नया पृष्ठ बनाया) |
(कोई अंतर नहीं)
|
15:06, 13 दिसम्बर 2015 के समय का अवतरण
बहुत दिन बाँधी तटों पर
खोल दो अब नाव
नई यात्रा के लिए
तत्पर हवाएँ
कह रहीं हैं -पाल तानो
सागरों के पार
जो फैले क्षितिज हैं
उन्हें जानो
खोज लो कल्पित सुरों के
गुनगुनाते ठाँव
इन किनारों पर
थकी चट्टान
बूढ़ी कन्दराएँ हैं
नये द्वीपों पर
सुखी उत्सव सलोने
और कोंपल याचनाएँ हैं
हैं वहीँ पर धूप के
नीले रसीले गाँव
बंधु, रोको नहीं
जाने दो हमें
अंतिम लहर के पार
देखने दो
सूर्य की यात्राएँ हैं किस ओर
कितनी बार
अब न टिकने पायेंगे
ये थरथराते पाँव