"एक नवजात के प्रति / नवीन कुमार" के अवतरणों में अंतर
Kumar mukul (चर्चा | योगदान) ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=नवीन कुमार |अनुवादक= |संग्रह= }} {{KKCatGe...' के साथ नया पृष्ठ बनाया) |
(कोई अंतर नहीं)
|
09:55, 8 फ़रवरी 2022 के समय का अवतरण
एक नवजात के प्रति नवीन कुमार
इस सभ्य समाज में स्त्रियाँ सिर्फ घर की
या बाजार की बना नष्ट कर दी
जा रही हैं।
उत्खनन में बारीकी से संघर्षों के इतिहास
नष्ट कर दिए जा रहे हैं।
बमों की आतिशबाजी से बैबीलोन नष्ट
कर दिया जा रहा है।
बहुत सारे बच्चे वली दकनी की मजार के साथ
माँओं के भीतर ही दफ्न कर दिए गये हैं।
एक पीलियायुक्त बच्चा
इस परिवेश की परछाई लिए
जन्म लेता है।
इस बीच बहुत कुछ बदल गया है।
वे जो नहीं जानते सचमुच बहुत कुछ बदल गया है
और वे जो नाउम्मीदी से भरे जानकार हैं
इन दोनों की जमात के साथ मिलकर
दुनिया भर में
अनवरत लड़ता हूँ।
दफ्न कर दिए गए
बच्चों की आवाजें
आज नवजातों की आवाजों में
संकलित हो गयी है।
प्रतिरोधों के परिवेश की रौशनी में
पीलियायुक्त बच्चा तप कर
निखर उठा है उस रंग में
जिस रंग के बच्चे होते हैं
फिर से संघर्ष दुनिया की रवायत में शामिल हो रहा है
फिर से मुझे स्त्रियाँ सुंदर लग रही है
फिर से मैंने नज्म लिखी है।
वली दकनी के छंद
हमारी नज्मों से होकर आ रहे हैं।