भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

"लड़कियों को मत पीटो / प्रभात" के अवतरणों में अंतर

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज
('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=प्रभात |अनुवादक= |संग्रह= }} {{KKCatKavita}} <poe...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)
 
(कोई अंतर नहीं)

12:28, 30 मई 2023 के समय का अवतरण

लड़कियों को घरों के भीतर मत घसीटो
नई संसद के बाहर भी नहीं

लड़कियों को मत पीटो
मध्ययुगीन दुर्बल हाथों से
ताक़तवर आधुनिक हाथों से भी नहीं

आँतें सूखी हों और वस्त्र जर्जर
तब भी उन्हें मत पीटो
पेट भरा हो व्यंजनों से
वर्दी पर हो स्टार
बग़ल में हो हथियार
तब भी उन्हें मत पीटो

लड़कियों को अकेले में
कैमरे से छुपकर मत पीटो
स्क्रीन पर सारी दुनिया को
दिखाते हुए मत पीटो

अपने भीतर के मृत शासक के
आदेश से मत पीटो
देश के शासक के आदेश से भी मत पीटो

वे बैठी हुई हैं उन्हें मत पीटो
वे खाना खा रही हैं उन्हें मत पीटो
वे अपनी बात कह रही हैं उन्हें मत पीटो
वे सपने देख रही हैं उन्हें मत पीटो

हज़ारों सालों का इतिहास गवाह है
उन्होंने अपनी लड़ाई को जारी रखा है
वे कुछ जीतने के लिए नहीं लड़ रही हैं
इसीलिए कभी हारी नहीं हैं

वे अपने लिए ही नहीं लड़ रही हैं
तुम्हारे ख़िलाफ़
तुम्हारी लड़कियों के लिए भी लड़ रही हैं
वे तुम्हारे लिए भी लड़ रही हैं