भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

"विडम्बना / दीप्ति पाण्डेय" के अवतरणों में अंतर

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज
('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=दीप्ति पाण्डेय |अनुवादक= |संग्रह= }...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)
 
(कोई अंतर नहीं)

00:00, 8 जून 2023 के समय का अवतरण

हम
दो समानांतर रेखाओं की मानिंद
साथ तो चल सकते हैं
मिल नहीं सकते!

हम
वृत्त की धुरी और परिधि की मानिंद
एक दूजे की परिक्रमा तो कर सकते हैं
मिल नहीं सकते!

हम
धरती आकाश की मानिंद
किसी छोड़ पर मिलते दिखाई तो दे सकते हैं
मिल नहीं सकते!

हम
जटिल समीकरणों की मानिंद
संभावना तो हो सकते हैं
सिद्ध नहीं हो सकते!

हम
हड़प्पा लिपि की मानिंद
मन और देह के संकेत तो हो सकते हैं
पढ़े नहीं जा सकते!

हम
शुतुरमुर्ग की मानिंद
विवशता की खोल में मुँह तो छिपा सकते हैं
लड़ नहीं सकते!

हम
कायरों की मानिंद
छिपकर एक रिश्ता तो बुन सकते हैं
स्वीकार नहीं कर सकते!

हम
हारे थके मुसाफिर की मानिंद
साथ सफर शुरू तो कर सकते हैं
खत्म नहीं कर सकते!

हम
विवश हैं उस विडम्बना की मानिंद
अपनापन बाँट तो सकते हैं
अपना नहीं सकते!